नीम त्वचा के लिए बेहद लाभकारी

गर्मियों में बार-बार स्किन इरिटेशन की शिकायत रहती है। तेज धूप, ज्यादा पसीना और धूल-मिट्टी के कारण त्वचा पर खुजली, लाल चकत्ते और एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। ऐसे में कई लोग राहत पाने के लिए घरेलू उपायों का सहारा लेते हैं, जिनमें नीम के पत्तों का इस्तेमाल लंबे समय से किया जाता रहा है।
घरेलू नुस्खों में नीम को त्वचा के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। इसके पत्तों में एंटीबैक्टीरियल, एंटीफंगल और एंटीसेप्टिक गुण पाए जाते हैं, जो त्वचा को साफ रखने और बैक्टीरिया से बचाने में मदद कर सकते हैं। यही कारण है कि गांवों से लेकर शहरों तक लोग खुजली, दाने और हल्की एलर्जी जैसी त्वचा संबंधी समस्याओं में नीम का उपयोग करते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार गर्मियों में पसीने और धूल की वजह से त्वचा पर बैक्टीरिया तेजी से पनपने लगते हैं, जिससे रैशेज, खुजली और छोटे-छोटे दाने हो सकते हैं। ऐसे में नीम के पत्तों से तैयार पानी पीना या उससे स्नान करना जैसे घरेलू उपाय कुछ हद तक राहत देने में सहायक माने जाते हैं। हालांकि यदि समस्या ज्यादा गंभीर हो या लंबे समय तक बनी रहे तो डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी होता है। नीम के पत्तों का काढ़ा बनाना भी काफी आसान माना जाता है।
इसके लिए करीब आठ से दस ताजे नीम के पत्ते लेकर उन्हें एक गिलास पानी में डालकर उबाल लिया जाता है। जब पानी लगभग आधा रह जाए तो इसे छानकर थोड़ा ठंडा होने दिया जाता है। हल्का गुनगुना होने पर इसे पिया जा सकता है। माना जाता है कि यह शरीर को अंदर से साफ रखने और त्वचा संबंधी समस्याओं को कम करने में मदद कर सकता है। आमतौर पर इस काढ़े को दिन में एक बार सुबह खाली पेट लेना बेहतर माना जाता है। कुछ लोग इसे कुछ दिनों तक नियमित रूप से पीते हैं ताकि शरीर को अंदर से डिटॉक्स करने में मदद मिल सके। हालांकि इसका असर हर व्यक्ति के शरीर पर अलग-अलग हो सकता है, इसलिए इसे किसी चमत्कारी इलाज की तरह नहीं बल्कि एक सामान्य घरेलू उपाय के रूप में ही देखा जाना चाहिए। इसके अलावा नीम के पत्तों को पानी में उबालकर उस पानी से नहाना भी त्वचा के लिए लाभकारी माना जाता है। इससे शरीर की अच्छी तरह सफाई होती है और खुजली या हल्की एलर्जी में राहत मिल सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में यह तरीका आज भी काफी लोकप्रिय है और कई परिवार इसे नियमित रूप से अपनाते हैं।
हालांकि नीम का उपयोग करते समय कुछ सावधानियां रखना भी जरूरी है। इसकी अधिक मात्रा का सेवन नहीं करना चाहिए और गर्भवती महिलाओं को बिना डॉक्टर की सलाह के इसका उपयोग करने से बचना चाहिए। यदि त्वचा की एलर्जी या खुजली लगातार बढ़ती जाए या गंभीर रूप ले ले, तो घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना ही सुरक्षित माना जाता है। मालूम हो कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही कई लोगों को त्वचा से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। तेज धूप, ज्यादा पसीना और धूल-मिट्टी के कारण त्वचा पर खुजली, लाल चकत्ते और एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं।

source – ems

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button