RashiFal – मेष-वृषभ
मेष
मेष राशि के लोग आम तौर पर बहुत चतुर स्वभाव के होते हैं। इनकी खासियत यह है कि ये बहुत जोशीले और जिद्दी स्वभाव वाले तथा अपमान बर्दाश्त नहीं करने वाले होते हैं। किसी बात को तब तक नहीं स्वीकार करते हैं, जब तक इनका खुद का नुकसान नहीं हो रहा हो। अक्सर अपने गुप्त भेदों के खुल जाने से भयभीत रहते हैं। इनकी एक खास बात यह है कि इस राशि के लोग एक बार किसी के हो जाते हैं, तो उसे अपना सब कुछ दे बैठते हैं। अपने इस व्यवहार के कारण उन्हें अक्सर नुकसान भी उठाना पड़ता है। इस राशि वाले नृत्य, अभिनय आदि क्षेत्रों में काफी आगे होते हैं। कपड़े, फर्निचर और पुस्तकालय आदि कार्यों में भी ये लोग खासा रुचि रखते हैं। मेष राशि के लोग साफ-सफाई के प्रति काफी चौकस रहते हैं। वे हर काम को साफ-सुथरे ढंग से करना पसंद करते हैं। मेष राशि के लोग व्यवहार कुशल होने के साथ ही अपनी बातों पर अड़े रहने के लिए जाने जाते हैं। इससे इनकी लड़ाइयां भी खूब होती हैं। अक्सर विवादों के केंद्र में रहते हैं। मेष राशि के जातक शारीरिक बनावट में मध्यम कद के होते हैं। ऐसे जातकों के हाथों की बनावट कोन के आकार जैसी होती हैं और इनकी उंगलियों की अपेक्षा हथेली बड़ी होती है। इनका मस्तिष्क विशाल और चेहरे की आकृति विद्वत्तासूचक होती है। ऐसे लोगों के सिर के किसी भी भाग पर चोट का निशान होता है और छाती या चेहरे पर तिल या मस्से का चिह्न भी रहता है। इन जातकों की आंखें कमजोर रहती हैं। इस राशि का प्रभाव मस्तिष्क पर रहने की वजह से इन लोगों को मानसिक शांति कम रहती है।
वृषभ
वृष राशि के व्यक्ति स्वभाव से शांति पसंद होते हैं। ये अपने काम में काफी लगन वाले होते हैं। किसी काम में जुट जाते हैं तो उसे तब तक नहीं छोड़ते हैं, जब तक उसका समाधान नहीं मिल जाता है। वृष राशि के जातकों को ज्योतिष शास्त्र से जुड़ी पुस्तकें पढ़ना, खेल-कूद, नृत्य, गायन, सत्संगति, अच्छी चीजों को संगृहीत करना, कथा-कीर्तन आदि जैसी चीज़ों में से किसी एक बात में काफी दिलचस्पी रहती है। इस राशि के लोग संगीत के गुणों से संपन्न होते हैं। अपनी वाणी से एक समय पर सैकड़ों लोगों को प्रभावित और आकर्षित कर लेने की क्षमता रखते हैं। इस राशि के पुरुषों को खेल और महिलाओं को वस्त्रों से काफी लगाव होता है। नई-नई जानकारियां जुटाना, घटनाओं तथा स्थानों को जानने और वर्णन करने में रुचि लेते हैं। वृष राशि वालों को डराना या धमकाना अपने लिए संकट को आमंत्रित करने जैसा है। कभी-कभी ये लोग क्रोध में आकर सीमाओं को भी पार कर देते हैं। ये स्वयं झगड़ा नहीं करते हैं, परन्तु कोई इनसे जानबूझ कर झगड़ा करे तो वह उसे सबक सिखाए बिना नहीं छोड़ते। मेष राशि की तरह ये लोग भी जिद्दी होते हैं। इनकी एक बड़ी कमी यह है कि ये बहुत आलसी प्रवृत्ति के होते हैं और अपना सामान व्यवस्थित नहीं रखते हैं। वृष राशि के जातकों का चेहरा खुशनुमा और भरा हुआ होता है। इनकी त्वचा बहुत कोमल होती हैं। इस राशि के जातक के होंठ खूबसूरत होते हैं। इनके चेहरे का आकार अंडाकार होता हैं। इनकी नाक गोल और ऊपर की तरफ उठी हुई होती है। त्वचा का रंग साफ होता है। बाल घने और चमकीले होते हैं। इस राशि के लोगों का शरीर अनुपात में होता है। इनके कपड़ों का चयन बहुत अच्छा रहता है और इसके प्रति ये बड़े जागरूक होते हैं।
Source – JANSATTA