लाड़ली बहनों को मिली राशि है भाईदूज का उपहार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


—
बहनें बन रही हैं आत्मनिर्भर और खुशहाल
—
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 1.24 करोड़ बहनों को अंतरित की 1831 करोड़ रूपए की सम्मान राशि
—
पिछोर को परिसीमन आयोग की अनुशंसा पर जिला बनाया जाएगा
—
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पिछोरवासियों की मांग का समर्थन कर सहयोग का दिया आश्वासन
—-
पिछोर में बनेगा सांदीपनि विद्यालय, खनियांधाना में खुलेगी पुलिस चौकी
—
पिछोर में सर्व सुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनाया जाएगा, कासना नाले पर बनेगा पुल
—
पिछोर किले में होंगे पांच करोड़ के विकास कार्य
—
मोती सागर के सौन्दर्यीकरण के लिए राशि दी जाएगी, बामोरकलां में खुलेगा महाविद्यालय
—
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के 5.5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों को अंतरित की 200 करोड़ रूपए से अधिक की सहायता राशि
—
पिछोर में राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने शिवपुरीवासियों को दी 221.22 करोड़ रूपए के 121 विकास कार्यों की सौगात
इंदौर 13 नवम्बर 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारी सरकार प्रदेश की सभी बहनों को आत्मनिर्भर, आर्थिक रूप से समृद्ध बनाकर इनके जीवन में खुशहाली लाने के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहनें हमारा मान है, सम्मान है। बहनों से ही हर घर में रौनक है। इनके स्वाभिमान की रक्षा कर हम इन्हें स्वावलंबी बना रहे हैं। बहनों के स्वावलंबी बनने से ही प्रदेश में समृद्धि आएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में हमारे देश को भी माता का दर्जा मिला है। दुनिया में भारतवासी ही हैं, जो अपने देश को माता के रूप में पूजते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पिछोर से लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र लाड़ली बहनों को 42वीं किश्त के रूप में 1831 करोड़ रूपए से अधिक की सम्मान राशि (प्रत्येक को 1500-1500 रूपए) सिंगल क्लिक से पात्र बहनों के बैंक खातों में अंतरित कर भाईदूज का उपहार दिया। इंदौर जिला अंतर्गत लाड़ली बहना योजना के तहत माह नवम्बर 2026 राशि 1500 के मान से कुल 436743 महिलाओ को 64,23,34,600 रूपए के भुगतान की कार्यवाही की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में मप्र राज्य आजीविका मिशन में कार्य कर रहे 5.5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों को भी नगद साख सीमा के रूप में सिंगल क्लिक से 200 करोड़ रूपए से अधिक की सहायता राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां 221.22 करोड़ रूपए की लागत के कुल 121 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण कर शिवपुरी जिलेवासियों को दीपावली की सौगात दी। इसमें 186.23 करोड़ रूपए की लागत वाले 85 कार्यों का भूमि-पूजन और 35 करोड़ रूपए की लागत के 36 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।
लाड़ली बहना योजना: महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सम्मान का मजबूत आधार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ प्रदेश की बहनों के सामाजिक सम्मान, वित्तीय स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी पहल है, जिसे राज्य सरकार निरंतर और अधिक सशक्त बना रही है। जून 2023 में शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत शुरुआत में महिलाओं को 1,000 रुपए प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाती थी, जिसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाते हुए अक्टूबर 2023 में 1,250 रुपए और नवंबर 2025 से बढ़ाकर 1,500 रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है। वर्तमान में यह निर्धारित सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे पात्र महिलाओं के आधार-सक्रिय बैंक खातों में पारदर्शी रूप से अंतरित की जा रही है, जिससे नारी शक्ति को नया संबल मिल रहा है।
परिसीमन आयोग की अनुशंसा पर पिछोर बनेगा जिला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने पिछोर को जिला बनाने की मांग की। जनप्रतिनिधियों की मांग का समर्थन कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा परिसीमन आयोग का गठन किया गया है। परिसीमन आयोग द्वारा अनुशंसा करने पर पिछोर को जिला बनाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button