कलेक्टर श्री वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में लापरवाही बरतने पर सेक्शन प्रभारी निलंबित, बीएमओ और प्रोफेसर के पांच-पांच दिन के वेतन कटौती के दिये निर्देश

छात्रावासों और कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें जाये
—-
कलेक्टर श्री वर्मा की अध्यक्षता में समय-सीमा पत्रों के निराकरण (टीएल) की समीक्षा बैठक सम्पन्न
इंदौर 16 नवम्बर 2026
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा के पत्रों के निराकरण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागों में लंबित समय सीमा पत्रों तथा जन समस्याओं के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागों में लंबित समय-सीमा के पत्रों का निराकरण प्राथमिकता के साथ करें तथा आवेदकों संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने कहा कि सीएम हल्पलाइन प्रकरणों का समाधान निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों को मिले। उन्होंने निर्देश दिये कि शहर में चल रहे छात्रावासों और कोचिंग संस्थानों के सुरक्षा प्रबंध को सुनिश्चित करने के लिये सतत अभियान चलाया जाये।
सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण में लापरवाही पाये जाने पर कलेक्टर श्री वर्मा ने हातोद तहसील के बीएमओ के 5 दिन के वेतन कटौती के साथ ही छात्रवृत्ति के प्रकरण में समय पर भुगतान नहीं करने पर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के प्रोफेसर के 5 दिन के वेतन कटौती के भी निर्देश दिये। कलेक्टर श्री वर्मा ने आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों निराकरण में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतना पाये जाने पर विभाग के सेक्शन प्रभारी को निलंबित करने के निर्देश दिये।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री रिंकेश वैश्य, अपर आयुक्त नगर निगम श्री श्रृंगार श्रीवास्तव, श्री आकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने जिले में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिले में चल रहे विभिन्न निजी छात्रावासों और कोचिंग संस्थानों में पुख्ता सुरक्षा प्रबंध को सुनिश्चित करने के लिये सतत अभियान चलाया जाये और उसकी मॉनिटरिंग की जाये। सभी छात्रावासों और कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी, बेसमेंट में पार्किंग, एक्जिट गेट आदि प्रबंध सुनिश्चित किये जाये। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यक अग्नि सुरक्षा प्रबंध नहीं पाये वहां संबंधित के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जायेगी।
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि नामांतरण, सीमांकन, बटांकन आदि प्रकरणों को निराकरण समय-सीमा में पूर्ण किया जाये। साथ ही राजस्व वसूली में तेजी लाई जाये। बैठक में बताया गया कि नगर निगम द्वारा ऑन रोड़ पेड पार्किंग के कुछ स्थान चिन्हित कर लिये गये है और वहां पर काम भी शुरू कर दिया गया है। शेष स्थानों पर कार्य प्रगति पर है।



